Contact
विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रचार विभाग की कार्यशाला सम्पन्न
Home  ⇨  Prachar Vibhag   ⇨   विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रचार विभाग की कार्यशाला सम्पन्न

भारत केंद्रित शिक्षा हेतु विद्या भारती कार्यरत : डॉ. पवन तिवारी

गुवाहाटी। विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र द्वारा 21 एवं 22 फरवरी 2026 को गुवाहाटी के जू रोड स्थित असम प्रकाशन भारती परिसर में प्रचार विभाग की दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पूर्वोत्तर के विभिन्न प्रान्तों में प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रचार कार्य को प्रभावी बनाने की दृष्टि से आयोजित की गई।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. स्मृति कुमार सिन्हा, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय संगठन मंत्री के. एन. रघुनंदन, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी तथा क्षेत्रीय मंत्री डॉ. जगदिन्द्र रायचौधुरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में डॉ. पवन तिवारी ने कहा कि विद्या भारती भारत केंद्रित शिक्षा व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा के माध्यम से भारतीय जीवन मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय दृष्टि को समाज में स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रचार विभाग की भूमिका को “प्रचार से विचार प्रसार” की संकल्पना से जोड़ते हुए कहा कि प्रभावी संवाद के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक शैक्षिक विमर्श स्थापित किया जा सकता है।

दो दिवसीय कार्यशाला में समाचार लेखन, विभिन्न माध्यमों के लिए कंटेंट निर्माण, एडिटिंग टूल्स के उपयोग तथा शिक्षा क्षेत्र में वैचारिक प्रस्तुति जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए। प्रचार विभाग के क्षेत्र संयोजक विकाश शर्मा ने शैक्षिक विमर्श को समाज तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से सुविचारित एवं सुसंगठित सामग्री प्रस्तुत करने पर बल दिया।

कार्यशाला में पूर्वोत्तर के सभी प्रान्तों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार विभाग की आगामी प्रशिक्षण योजनाओं एवं कार्यशालाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा समन्वित कार्ययोजना बनाने का संकल्प लिया।

विद्या भारती संवाद की सम्पादिका गायत्री गोस्वामी ने पत्रिका के उद्देश्य, स्वरूप एवं लेखन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिकाधिक रचनात्मक सहभागिता का आह्वान किया।

Scroll to Top